सीएम सुक्खू को जान से मारने की धमकी, हमीरपुर से आरोपी गिरफ्तार
हमीरपुर में सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ कथित आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत में पेशी के बाद उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, शिवनगर निवासी विश्व शामा की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है और जान से मारने की धमकी दी गई है। वीडियो में एक विशेष समुदाय के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां किए जाने का भी आरोप है।
तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे भोटा पुलिस चौकी में पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। हमीरपुर के एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि रिमांड के दौरान यह जांच की जाएगी कि वीडियो किस उद्देश्य से बनाया गया, किन प्लेटफॉर्मों पर साझा किया गया और क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कर लिए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी व्यक्ति, जनप्रतिनिधि या समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।






