हिमाचल में पहली बार परीक्षा से एक दिन पहले मिलेगा ऑनलाइन सिटिंग प्लान, घर बैठे ऐसे चेक करें अपनी सीट
बिलासपुर। परीक्षा के दिन नोटिस बोर्ड के सामने लगने वाली भीड़, सीट तलाशने की भागदौड़ और हेल्प डेस्क पर लंबी कतारों से अब विद्यार्थियों को राहत मिलने वाली है। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए नई डिजिटल व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत अब परीक्षा से एक दिन पहले ही ऑनलाइन सिटिंग प्लान कॉलेज की वेबसाइट पर उपलब्ध होगा।
इस व्यवस्था के बाद विद्यार्थी घर बैठे अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर से यह पता कर सकेंगे कि उनकी परीक्षा किस कक्ष में और किस सीट पर होगी। परीक्षा के दिन उन्हें नोटिस बोर्ड पर रोल नंबर तलाशने या सीट की जानकारी के लिए हेल्प डेस्क के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
एक दिन पहले वेबसाइट पर मिलेगा पूरा सिटिंग प्लान
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, प्रत्येक परीक्षा से एक दिन पहले संबंधित सिटिंग प्लान कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। विद्यार्थी वेबसाइट पर जाकर अपना रोल नंबर चेक कर परीक्षा कक्ष और निर्धारित सीट की जानकारी पहले ही प्राप्त कर सकेंगे।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि पहले परीक्षा के दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी नोटिस बोर्ड के आसपास जमा हो जाते थे। इससे भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति पैदा होने के साथ विद्यार्थियों को सीट तलाशने में भी परेशानी होती थी। नई व्यवस्था से इन समस्याओं को दूर करने में मदद मिलेगी और विद्यार्थी सीधे अपने निर्धारित कक्ष में पहुंच सकेंगे।
डिजिटल सुविधा से विद्यार्थियों को राहत
कॉलेज प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल ने बताया कि परीक्षा के दौरान सिटिंग प्लान की पूरी जानकारी अब एक दिन पहले कॉलेज की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई जा रही है। यह व्यवस्था शुरू कर दी गई है और विद्यार्थियों को इसका लाभ भी मिल रहा है।
कॉलेज प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले वेबसाइट पर अपना सिटिंग प्लान जरूर देख लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की असुविधा या भ्रम की स्थिति न बने।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शुरू की गई यह डिजिटल व्यवस्था प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।






