घरेलू विवाद बना मौ*त का कारण: बीच-बचाव करने आई बुजुर्ग महिला की गई जान
हमीरपुर। जिला हमीरपुर के थाना भोरंज के तहत गांव लजयाणी में एक पारिवारिक विवाद ने दुखद मोड़ ले लिया। बाप-बेटे के बीच हुए झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने आई 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला रतनी देवी की गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब 25 वर्षीय बेटे साहिल शर्मा के देर से घर लौटने पर पिता श्याम लाल ने उसे टोका। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। विवाद बढ़ता देख घर में मौजूद श्याम लाल की मां रतनी देवी बीच-बचाव के लिए आगे आईं, लेकिन धक्का-मुक्की के दौरान वह संतुलन खो बैठीं और जोर से गिर गईं। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी, जिसके चलते एंबुलेंस को वापस भेज दिया गया। रात करीब 12 बजे पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों के बयान दर्ज किए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद पूरी तरह घरेलू था, जो अचानक उग्र हो गया। बताया जा रहा है कि परिवार में पहले भी बाप-बेटे के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। मृतका रतनी देवी के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटे साहिल शर्मा की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी। साहिल पेशे से पिकअप वाहन चालक है और घटना वाले दिन काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।












