भारी बारिश के चलते मणिमहेश यात्रा पर रोक, प्रशासन ने जारी की सख्त एडवाइजरी
भरमौर: हिमाचल प्रदेश में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए उपमंडलीय प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। मौसम विभाग द्वारा अगले दो दिनों तक भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम की संभावना जताए जाने के बाद 22 और 23 जुलाई तथा अगले आदेशों तक पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए यात्रा मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है।
उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) भरमौर अजय कुमार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों से प्रशासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों की अवहेलना कर जोखिम उठाकर यात्रा करने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ होने वाली अप्रिय घटना के लिए वह स्वयं जिम्मेदार होगा।
प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई गाइड या अन्य व्यक्ति प्रतिबंध के बावजूद श्रद्धालुओं या पर्यटकों को मणिमहेश यात्रा मार्ग पर लेकर जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा ग्राम पंचायत कुगती और हड़सर के पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे क्षेत्र से गुजरने वाले सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यात्रा प्रतिबंध की जानकारी दें और उन्हें फिलहाल आगे की यात्रा पर जाने से रोकें। प्रशासन ने लोगों से मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।






