भाजपा का कांग्रेस सरकार पर आरोप, 'हिम उपस्थिति' ऐप से अपने ही मंत्रियों पर नजर रख रहे CM सुक्खू
मंडी: भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता एवं बिलासपुर सदर के विधायक त्रिलोक जम्वाल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने दावा किया कि सरकार अब केवल भाजपा नेताओं पर ही नहीं, बल्कि अपने ही उपमुख्यमंत्री, मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों की गतिविधियों पर भी 'हिम उपस्थिति' ऐप के माध्यम से नजर रख रही है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए कहा कि प्रदेश में निगरानी और राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति की जा रही है।
'हिम उपस्थिति ऐप से ट्रैक की जा रही लोकेशन'
त्रिलोक जम्वाल ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के बाद अब सरकार अपने ही मंत्रियों और विधायकों के मोबाइल फोन और लोकेशन पर भी नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से कई बड़ी गारंटियां और वादे किए थे, लेकिन सरकार अपने कार्यकाल के लगभग चार वर्ष पूरे होने के बावजूद अधिकांश वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर राजनीतिक दबाव बनाने का प्रयास कर रही है।
पंचायत चुनाव टालने का लगाया आरोप
भाजपा विधायक ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव समय पर नहीं कराए गए और सरकार ने इन्हें जानबूझकर टालने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद ही सरकार को चुनाव कराने पड़े। इसके लिए उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय का आभार भी जताया।
जम्वाल ने कहा कि पंचायत, बीडीसी, जिला परिषद, नगर निकाय और नगर निगम चुनावों में भाजपा को प्रदेशभर में जनता का व्यापक समर्थन मिला और पार्टी ने अधिकांश स्थानों पर शानदार प्रदर्शन किया। उनके अनुसार चुनावी हार से बौखलाई कांग्रेस सरकार अब भाजपा नेताओं को झूठे मामलों में फंसाकर राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है।
'भाजपा नेताओं के परिवारों को भी बनाया जा रहा निशाना'
त्रिलोक जम्वाल ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मंत्री चौधरी सुखराम, विधायक होशियार सिंह, सुधीर शर्मा, आशीष शर्मा सहित कई भाजपा नेताओं के परिवारों को भी निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूर्व विधायक रवि ठाकुर को भी विभिन्न माध्यमों से प्रताड़ित किया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता इस तरह की कार्रवाई से डरने वाला नहीं है और पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
भाजपा प्रवक्ता ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच सार्वजनिक रूप से आरोप-प्रत्यारोप लग रहे हैं, जो सरकार की प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशा माफिया सक्रिय है, अपराध और गोलीबारी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इन चुनौतियों से निपटने के बजाय विपक्षी नेताओं पर मुकदमे दर्ज कराने में व्यस्त है।
सीएम से की विकास पर ध्यान देने की अपील
त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पास विकास कार्यों और चुनावी गारंटियों के नाम पर जनता को दिखाने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति छोड़कर प्रदेश के विकास, जनहित और आर्थिक स्थिति सुधारने पर ध्यान देने की अपील की। साथ ही दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को उसकी कथित विफलताओं का जवाब देगी और भाजपा को फिर से जनसेवा का अवसर देगी।






