स्कूल जा रही छात्रा को टैंपो ने कुचला, उपचार के दौरान तोड़ा दम
एहजू गांव में दर्दनाक हादसा, घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद
अनंत ज्ञान, जोगिंद्रनगर
मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल के एहजू क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौत हो गई। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जानकारी के अनुसार छात्रा अन्य बच्चों के साथ पैदल स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे से गुजर रहे एक टैंपो की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए बैजनाथ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान अनु (17) पुत्री पुन्नू राम निवासी बैजनाथ जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मचकेहड़ गांव में अपने मामा के घर रहकर एहजू स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। उधर, जोगिंद्रनगर थाना पुलिस ने हादसे के बाद टैंपो चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही सामान्य थी। सीसीटीवी फुटेज में छात्रा के साथ चल रहे अन्य बच्चे बाल-बाल बचते दिखाई दे रहे हैं। मामले की पुष्टि एसपी मंडी विनोद कुमार ने की है।






