कांगड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन: 24 घंटे में सुलझाया 9 लाख की चोरी का मामला, 3 आरोपी गिरफ्तार
जिला कांगड़ा में चोरों ने लोगों की नींद उड़ा रखी है। पंचरुखी पुलिस ने भरवाना पंचायत के गांव भुआणा में हुई करीब नौ लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों की चोरी की वारदात को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अब तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करेगी और मामले की आगामी जांच के लिए पुलिस रिमांड की मांग करेगी।
बता दें कि भरवाना पंचायत के गांव भुआणा में चोरों द्वारा सोमवार रात्रि एक सूने मकान को निशान बनाते हुए लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया था। यहां चोरी भुआणा निवासी श्रवण कुमार के घर में की गई थी, जबकि घर के सदस्य बैजनाथ स्थित सुसराल में जन्मतिथि समारोह में भाग लेने के लिए गए हुए थे।
थाना पंचरुखी प्रभारी गोपाल कृष्ण ने बताया कि चोरी के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह, कालू राम और बॉबी कुमार के रूप में हुई है। तीनों आरोपी बैजनाथ में बिनवा खड्ड के पास रेलवे पुल के नीचे बनी झुग्गी-झोपड़ियों में रहते हैं। इनमें गुरदीप सिंह और कालू राम आपस में सगे भाई हैं। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपित पिछले करीब 40 वर्षों से बैजनाथ क्षेत्र में रह रहे हैं और अन्य राज्य के परिवारों से संबंधित हैं। इनके खिलाफ पहले भी बैजनाथ थाना और जोगिंद्रनगर थाना में चोरी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि बैजनाथ में योजना बनाकर बिना नंबर की बाइक से निकले थे। रास्ते में एक अन्य सूने घर में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। इसके बाद भुआणा गांव में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर आगे की जांच करेगी।






