आज से फिर शुरू हुई मिक्स ट्रेन, जानें टाइमिंग, किराया और स्टॉपेज
विश्व धरोहर का दर्जा प्राप्त कालका-शिमला रेलमार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने गुरुवार से इस रूट पर मिक्स अप-डाउन ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू कर दिया है। समर स्पेशल ट्रेनों की अवधि समाप्त होने के बाद अब यह ट्रेन नियमित रूप से चलाई जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को सुविधा मिलेगी।
रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार, छह कोचों वाली यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे कालका से रवाना होकर दोपहर 1:55 बजे शिमला पहुंचेगी। वहीं वापसी में शाम 5:00 बजे शिमला से चलकर रात 10:22 बजे कालका पहुंचेगी।
इस ट्रेन का सबसे बड़ा आकर्षण इसका सिर्फ 50 रुपये किराया है। सभी कोच जनरल श्रेणी के होंगे, जिससे आम यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को बेहद किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा।
रेलवे ने बताया कि यह मिक्स ट्रेन कालका और शिमला के बीच पड़ने वाले सभी छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे बीच के स्टेशनों से यात्रा करने वाले लोगों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
करीब 96 किलोमीटर लंबे कालका-शिमला रेलमार्ग को यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर का दर्जा प्राप्त है। रेलवे को उम्मीद है कि ट्रेन सेवा दोबारा शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कारोबार को भी नई गति मिलेगी।






