छोटे भाई को बचाने खड्ड में कूदा बड़ा भाई, डूबने से दोनों की मौ*त
जिला सिरमौर की नौहराधार क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवामानल में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसमें एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, गांव के दो बच्चे 8 वर्षीय आयन और 9 वर्षीय अभिनव खड्ड के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान आयन का पैर अचानक तंग रास्ते पर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। छोटे भाई को डूबता देख बड़ा भाई अभिनव उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद पड़ा, लेकिन दुर्भाग्यवश दोनों ही गहरे पानी में डूब गए।
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि जब तक बच्चों के पिता मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों बच्चे पानी में अचेत अवस्था में मिले। परिजन उन्हें तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से नौहराधार अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नौहराधार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, तहसील प्रशासन की ओर से मृतक बच्चों के परिजनों को फौरी राहत राशि भी प्रदान की गई है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।






