बुनियादी सुविधाओं को तरसे चकवासी, बरसात में कीचड़ से मुख्य रास्ता बना दलदल; पंचायत समस्या को लेकर बेखबर
उपमंडल अंब की बेहड़ जसवां पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांव चक में इन दिनों मूलभूत सुविधाओं का अभाव ग्रामीणों की भारी परेशानी का कारण बना हुआ है। गांव का मुख्य रास्ता कीचड़ और गंदगी से दलदल में तब्दील हो चुका है। बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो गए हैं। कीचड़ और गंदगी से सना यह रास्ता ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। गांववासियों का कहना है कि मुख्य रास्ते की हालत पिछले पांच वर्ष से जस की तस बनी हुई है, लेकिन न तो पंचायत ने कोई कदम उठाया और न ही प्रशासन ने सुध ली। स्थिति यह है कि पंचायत प्रतिनिधि खुद भी इसी रास्ते से रोजाना गुजरते हैं, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश का पानी रास्तों पर जमा हो जाता है, क्योंकि पानी की निकासी का कोई प्रबंध नहीं है। नालियों की साफ-सफाई तक नहीं होती। इससे कीचड़ पूरे रास्ते में फैल जाता है, जिससे लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों को फिसलन भरे रास्तों से रोज गुजरना पड़ता है। बुजुर्गों और बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाना भी एक चुनौती बन चुका है। गांववाले सिर्फ रास्ते की हालत से ही परेशान नहीं हैं, बल्कि पंचायत कार्यालय के आसपास भी गंदगी और झाडिय़ों का साम्राज्य बना हुआ है। झाडिय़ां इतनी बढ़ चुकी हैं कि सांप-बिच्छू निकलने का डर हमेशा बना रहता है। इसके अलावा जो पंचायत भवन है, वह बेसहारा पशुओं के लिए सुखद आश्रय बना हुआ है। कई बार बेसहारा पशु पंचायत भवन के बरामदे में बैठे होते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार पंचायत को मौखिक शिकायतें दी हैं, लेकिन हर बार आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। ग्रामीणों का कहना है लोगों में इस लापरवाही को लेकर गहरी नाराजगी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और उपमंडल अधिकारी अंब से मांग की है कि चक गांव की इस ज्वलंत समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। सड़क को पक्का किया जाए, पानी की निकासी के लिए नालियां बनाई जाएं और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। अगर जल्द समाधान नहीं किया गया, तो ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है। पंचायत बेहड़ जसवां के प्रधान नीलम कुमारी का कहना है कि सड़क ऊंची होने से पानी की निकासी रुक गई है, जल्द ही इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।












