शिमला में पिता-पुत्री संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, ओगली के पास लावारिस मिली पिकअप; परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका
जिले के जलोग क्षेत्र से पिता-पुत्री के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर जलोग पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता सुनीता देवी के अनुसार उनके पति कुलदीप और 18 वर्षीय बेटी स्नेहा 12 सितंबर की शाम पिकअप नंबर HP-06C-6062 में कुमारसैन की तरफ गए थे। देर रात करीब 1:30 बजे कुलदीप ने फोन कर पंदोआ पहुंचने की जानकारी दी, लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने दिनभर दोनों की तलाश की, तो उनकी पिकअप ओगली गांव के पास सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली। वाहन का कंडक्टर साइड का शीशा भी टूटा हुआ था। घटना के बाद परिवार ने दोनों के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए अवैध हिरासत या अपहरण की आशंका जाहिर की है। फिलहाल जलोग पुलिस मामले की जांच कर रही है और पिता-पुत्री की तलाश के साथ उनके लापता होने की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।






