परमार जयंती पर भाजपा ने सुक्खू सरकार को घेरा, विकास यात्रा में सभी मुख्यमंत्रियों के योगदान को सम्मान देने की मांग
शिमला। हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती पर भाजपा नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया और इस अवसर पर राज्य सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि डॉ. परमार की दूरदर्शी नीतियों ने हिमाचल के विकास की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि कृषि, बागवानी, सड़क और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में परमार की सोच आज भी प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार विकास यात्रा की प्रस्तुति में केवल परमार के बाद वर्तमान सरकार का उल्लेख कर रही है, जबकि पिछले लगभग 50 वर्षों में प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले अन्य मुख्यमंत्रियों की भूमिका को भी समान सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सरकारी कार्यक्रमों को राजनीतिक रंग देने से बचना चाहिए और परमार जयंती जैसे आयोजन पहले की तरह व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाने चाहिए।
उधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने रिज मैदान स्थित डॉ. परमार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर कहा कि परमार केवल हिमाचल के निर्माता ही नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और जनकल्याणकारी शासन के प्रतीक थे। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादे पूरे करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक लाख सरकारी नौकरियां, पांच लाख रोजगार और महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह देने जैसे वादे आज भी अधूरे हैं।
बिंदल ने दावा किया कि हालिया पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों के परिणाम कांग्रेस सरकार के प्रति जनता की नाराजगी को दर्शाते हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सरकार से उसके कार्यों का हिसाब मांगेगी।






