सियासी ड्रामे के बाद खत्म हुआ इंतजार, धर्मशाला को मिले नए मेयर और डिप्टी मेयर
धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला में पिछले दो दिनों से जारी सियासी हलचल और उठापटक के बीच बुधवार को आखिरकार नए मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव संपन्न हो गया। भाजपा के शमशेर नैहरिया को सर्वसम्मति से नगर निगम धर्मशाला का नया मेयर, जबकि प्रेरणा गुलेरिया को डिप्टी मेयर चुन लिया गया। इसके साथ ही दोनों ने नगर निगम धर्मशाला के पांचवें मेयर और डिप्टी मेयर के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस ने पूरी तरह दूरी बनाए रखी और मतदान में हिस्सा नहीं लिया। वहीं, चुनाव में केवल एक निर्दलीय पार्षद ही मौजूद रहे। कांग्रेस के चुनाव से किनारा करने के चलते भाजपा उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा था।
पदभार संभालने के बाद नवनिर्वाचित मेयर शमशेर नैहरिया और डिप्टी मेयर प्रेरणा गुलेरिया ने नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़क, पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
नगर निगम धर्मशाला में नए नेतृत्व के चयन के साथ ही पिछले दो दिनों से चल रहा राजनीतिक घटनाक्रम भी समाप्त हो गया है। अब लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नया नेतृत्व शहर के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर किस प्रकार काम करता है।






