भरमौर में मणिमहेश यात्रा पर अस्थायी रोक, प्रशासन ने जारी की सख्त चेतावनी
भरमौर। उपमंडलीय प्रशासन ने खराब मौसम और पैदल मार्गों की जर्जर स्थिति को देखते हुए इस वर्ष असमय मणिमहेश यात्रा पर रोक लगा दी है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आदेशों की अवहेलना कर यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पिछले वर्ष हुई भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं के कारण मणिमहेश जाने वाले अधिकांश पैदल मार्ग गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। वहीं, भरमौर क्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाकों में अब भी चार से पांच फीट तक बर्फ जमी हुई है। हाल ही में हुई ताजा बर्फबारी ने स्थिति को और भी अधिक चुनौतीपूर्ण बना दिया है, जिससे रास्तों पर फिसलन और जानलेवा खतरा बढ़ गया है।
एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि धनछो, गौरीकुंड और मणिमहेश सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी और पुलिस तैनाती सुनिश्चित की जाए। हड़सर मुख्य प्रवेश द्वार पर हर आने-जाने वाले वाहन की सघन जांच की जा रही है।
साथ ही स्थानीय पंचायतों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे गांवों में पोस्टर और सूचना बोर्ड लगाकर यात्रियों को वास्तविक स्थिति की जानकारी दें, ताकि कोई भी श्रद्धालु गलत निर्णय न ले।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि 14 अप्रैल को कार्तिक स्वामी मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे, जहां दर्शन की अनुमति रहेगी, लेकिन इसके आगे मणिमहेश या परिक्रमा मार्ग पर किसी भी प्रकार की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।












