भुंतर में 17 ग्राम हेरोइन के साथ महिला गिरफ्तार, नशा तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
कुल्लू जिला के भुंतर क्षेत्र में नशे के खिलाफ चल रही पुलिस मुहिम के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए एक महिला को 17 ग्राम से अधिक हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है, जिससे क्षेत्र में नशा तस्करी के नेटवर्क को लेकर एक बार फिर चिंता गहरा गई है।
थाना भुंतर के अंतर्गत यह कार्रवाई मंगलवार को उस समय की गई जब पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक महिला को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 17.28 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान उर्मिला (22) पत्नी राज, निवासी सुईब्रा, पिपलागे, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। वह नेपाली मूल की है और स्थानीय युवक से विवाह के बाद क्षेत्र में रह रही थी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने यह नशा कहां से प्राप्त किया और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले को नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क से जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है।






