चिंतपूर्णी-भरवाईं मार्ग पर खाई में गिरी कार, पंजाब के चार श्रद्धालुओं की मौ*त
जिला ऊना के चिंतपूर्णी–भरवाईं मार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पंजाब के लुधियाना से आए श्रद्धालु माता चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन कर वापस लौट रहे थे, तभी भरवाईं के समीप उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के दौरान कार खाई में गिरते समय एक यात्री बाहर छिटक गया, जिसकी मौके पर ही गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। वहीं, खाई में गिरने के बाद कार में आग लग गई और उसमें फंसे तीन अन्य श्रद्धालु जिंदा जल गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक सभी की जान जा चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।












