लाहौल-स्पीति: जाहलमा पुल डैमेज होने से थमी जिंदगी, पांगी समेत 14 पंचायतों का संपर्क टूटा
लाहौल-स्पीति की जीवनरेखा मानी जाने वाली एसकेटीटी सड़क पर स्थित जाहलमा पुल के क्षतिग्रस्त होने से पूरा क्षेत्र संकट में आ गया है। पुल के डैमेज होने के बाद घाटी की 14 पंचायतों समेत पांगी घाटी का संपर्क केलांग और मनाली से पूरी तरह कट गया है। मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और कई पर्यटक भी बीच रास्ते में फंस गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लाहौल-स्पीति के विधायक भी पहुंच गए हैं।
जानकारी के अनुसार उदयपुर उपमंडल के जाहलमा क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार पहाड़ी दरक रही थी और रुक-रुक कर भारी भूस्खलन हो रहा था। पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर और चट्टानें गिरने के कई वीडियो भी सामने आए हैं। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मंगलवार को सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक ही वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी थी। लेकिन अब पूरी पहाड़ी के दरकने से स्थिति और गंभीर हो गई है तथा सड़क पूरी तरह ठप पड़ गई है।
बीआरओ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और वैकल्पिक मार्ग बहाल करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से फिलहाल इस मार्ग की ओर यात्रा न करने की अपील की गई है।






