टौणी देवी मंदिर के पास अव्यवस्थाएं : 24 को कैसे होगा मेला; गेट के बाहर मलबे व गड्ढे से मंदिर जाने में श्रद्धालुओं को हो रही परेशान
नेशनल हाईवे ऑथारिटी द्वारा लगभग तीन वर्ष पहले एनएच 3 हमीरपुर से अवाहदेवी सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया था, जिसके कारण स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आज भी टौणी देवी बाजार में दुकानदार निर्माणाधीन कंपनी की कार्यप्रणाली से खासे दुखी हैं। टौणी देवी बाजार में टारिंग तो कर दी है, लेकिन अभी भी यहां पर कई जगहों पर खुदाई की गई है, जहां से मलबा तक हटाया नहीं गया है। निर्माणाधीन कंपनी ने टौणी देवी माता मंदिर के गेट के सामने भी पेयजल पाइप बिछाने के लिए खुदाई की थी और मलवा वहीं पर छोड़ दिया है,
जिससे गेट के सामने मलबे का ढेर लगा हुआ है और साथ ही गड्ढा बना हुआ है। निर्माणाधीन कंपनी के ढुलमुल रवैये से 24 जून को आयोजित किए जा रहे मेले में श्रद्धालुओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। बता दें कि हर वर्ष हाड़ मास के ज्येष्ट प्रविष्टे को माता टौणी देवी की जयंती के उपलक्ष्य में मेला आयोजित किया जाता है। मेला आयोजित करने को लेकर स्थानीय लोगों व मंदिर कमेटी के प्रधान सरवन सिंह ने निर्माणाधीन कंपनी के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। मंदिर कमेटी के प्रधान सरवन सिंह का कहना है कि मेले के लिए कुछ दिन शेष रह गए हैं, जबकि सड़क निर्माण कंपनी ने गेट से मलवा नहीं हटाया है, जिससे श्रद्धालुओं को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अभी से श्रद्धालुओं के जत्थे आना शुरू हो गए हैं और श्रद्धाुलओं को विशेषकर बुजुर्गों को खासी परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्य से पिछले तीन वर्षों में दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ है और मेले के दौरान भी श्रद्धालुओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि सांसद अनुराग ठाकुर से भी टौणी देवी माता मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की समस्या के बारे में अवगत करवाया था। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से भी बात की थी उसके बाद मंदिर के बाहर जा रही पेयजल पाइपों को तो ठीक कर दिया, लेकिन पाइपें बिछाने के लिए जो खुदाई की थी, उसे अभी तक ठीक नहीं किया है। गौरतलब है चौहान वंश की कुलदेवी माता टौणी देवी मंदिर में आयोजित मेले के दौरान यहां पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पर मनोकामना पूरी होने व फसल का रोट चढ़ाने के लिए आते हैं। मेले के दौरान स्थानीय गांवों के अलावा दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रहती है। मेले को लेकर स्थानीय कमेटी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं, लेकिन सड़क निर्माणाधीन कंपनी से स्थानीय दुकानदार और लोग नाखुश हैं। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से आग्रह किया है कि मेले से पहले सड़क की दशा को सुधारा जाए, जिससे मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी दिक्कत का सामना न करना पड़े। कंपनी के साइट इंजीनियर सुशील ठाकुर ने बताया कि इस सड़क को शीघ्र ठीक कर दिया जाएगा।












