'बेजा रऊ थोड़ा!': मंडी जीत के बाद जयराम का कांग्रेस पर सराजी तंज, बोले- अगली बार बीज भी खत्म होगा
मंडी नगर निगम चुनाव में भाजपा की शानदार जीत से उत्साहित पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। जीत के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने पहाड़ी सराजी बोली में ऐसा तंज कसा कि कार्यकर्ता ठहाके लगाने पर मजबूर हो गए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद उन्हें सराज क्षेत्र से एक कार्यकर्ता का फोन आया। कार्यकर्ता ने पूछा, "बेजा मुक्कू कि रऊ थोड़ा?" यानी मंडी में कांग्रेस का बीज खत्म हुआ या नहीं। इस पर उन्होंने जवाब दिया, "बेजा रऊ थोड़ा", यानी अभी थोड़ा सा बीज बाकी रह गया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह मंडी की जनता ने इस चुनाव में भाजपा को समर्थन दिया है, उससे साफ है कि कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में मंडी से कांग्रेस का यह बचा हुआ बीज भी पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री मंडी के वार्डों में घूम-घूमकर विकास के बड़े-बड़े वादे कर रहे थे और करोड़ों रुपये देने की बातें कर रहे थे, लेकिन जनता उनके झांसे में नहीं आई। उन्होंने कहा कि लोगों ने विकास और विश्वास की राजनीति को चुना है और भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है।
जयराम ठाकुर ने विधानसभा चुनाव और नगर निगम चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए कांग्रेस पर एक और चुटकी ली। उन्होंने कहा कि "मंडी में एक रिवाज कायम है, हम कांग्रेस के लिए सिर्फ एक सीट छोड़ते हैं।" उन्होंने बताया कि मंडी जिले की 10 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस को केवल एक सीट मिली थी। इसी तरह नगर निगम चुनाव में भी 15 में से 14 वार्डों में मतदान हुआ, जिनमें भाजपा ने 12 वार्डों में जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को केवल एक वार्ड में सफलता मिली। एक वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहा।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के इस समर्थन के लिए आभारी है और मंडी के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने निर्दलीय विजेता से भी भाजपा के साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया, ताकि शहर के विकास कार्यों को और गति मिल सके। जयराम ठाकुर ने धर्मशाला और सोलन में भाजपा की जीत पर भी खुशी जताते हुए इसे प्रदेशभर में पार्टी के प्रति बढ़ते जनविश्वास का संकेत बताया।






