सिया गुलेरिया के परिवार को सरकार का सहारा, CM सुक्खू ने मंजूर किए ₹10 लाख; दो छोटी बहनों की पढ़ाई भी होगी निशुल्क
बेटी को खोने के बाद मुश्किल दौर से गुजर रहे नैन गांव के गुलेरिया परिवार को अब सरकार की ओर से आर्थिक मदद मिली है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दिवंगत सिया गुलेरिया के परिवार के लिए कुल 10 लाख रुपये की सहायता मंजूर की है। इसमें पांच लाख रुपये मुआवजे के तौर पर और पांच लाख रुपये मकान निर्माण के लिए दिए जाएंगे। इसके साथ ही सिया की दो छोटी बहनों की पढ़ाई भी निशुल्क कराने का फैसला किया गया है। परिवार की आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग को लेकर सरकाघाट के पवन ठाकुर ने मुख्यमंत्री के समक्ष मामला उठाया था। मुख्यमंत्री कार्यालय ने उपायुक्त मंडी को पत्र जारी कर स्वीकृत सहायता के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पवन ठाकुर ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए दिवंगत सिया को श्रद्धांजलि दी। वहीं, सिया हत्याकांड के ट्रायल में अब तक 43 में से 33 गवाहों की गवाही पूरी हो चुकी है और 10 गवाहों की गवाही बाकी है।






