मानवता भूला कैश वैन चालक, मरीज की जान खतरे में डालने पर 10 हजार का जुर्माना
मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगेंद्रनगर में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। मरीज को लेकर जा रही एक एंबुलेंस का रास्ता रोकना कैश वैन चालक को भारी पड़ गया। हिमाचल पुलिस ने चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना जोगेंद्रनगर के पास एक एंबुलेंस मरीज को लेकर जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही पंजाब नंबर की एक कैश वैन ने एंबुलेंस का रास्ता रोक दिया। एंबुलेंस चालक द्वारा रास्ता देने का अनुरोध करने के बावजूद कैश वैन चालक अपनी जगह से नहीं हटा और उल्टा एंबुलेंस को पीछे हटने के लिए कहने लगा।
काफी देर तक एंबुलेंस सड़क पर फंसी रही और मरीज की जान खतरे में पड़ गई। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर लालचंद मौके पर पहुंचे और कैश वैन चालक को वाहन पीछे करने के निर्देश दिए। लेकिन चालक पुलिस से भी बहस करने लगा और आदेश मानने से इनकार कर दिया।
चालक की लापरवाही और असंवेदनशील रवैये को देखते हुए जोगेंद्रनगर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान काट दिया। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर एंबुलेंस, को रास्ता न देना गंभीर अपराध है और ऐसी लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






