किन्नौर में बादल फटने से मची तबाही,उफनते काचरंग नाले में पैदल पुल बहा; पानी की लाइनें तबाह
किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में मंगलवार देर रात बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचा दी। भावानगर के समीप स्थित काचरंग नाले में अचानक आई बाढ़ के कारण एक पैदल पुल बह गया, जबकि कई पेयजल लाइनें और जल शक्ति विभाग का एक भंडारण टैंक भी क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात काचरंग नाले के कैचमेंट क्षेत्र में बादल फटने से जलस्तर अचानक बढ़ गया। देखते ही देखते नाले में उफान आ गया और तेज बहाव अपने साथ पैदल पुल को बहा ले गया। बाढ़ के कारण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई पाइपलाइनें भी टूट गईं, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है।
राहत की बात यह रही कि काचरंग गांव नाले से सुरक्षित दूरी पर स्थित है, जिसके चलते इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, अचानक आई इस आपदा से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों, प्रशासन और जल शक्ति विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं को बहाल करने और नुकसान का आकलन करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। विभाग का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।






