भारी भूस्खलन से ठप हुआ मंडी-कुल्लू नेशनल हाईवे, मलबा हटाने में जुटा प्रशासन
मंडी: हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार हो रही बारिश का असर अब सड़कों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार 5 अगस्त सुबह मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर खोतीनाला के पास अचानक भूस्खलन होने से सड़क पूरी तरह बाधित हो गई। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क बंद होने से कुल्लू, मनाली और मंडी की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भूस्खलन की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मशीनरी के साथ मौके पर रवाना हो गई। जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से सड़क पर गिरे मलबे को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम अनुकूल रहने पर सड़क को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण मलबा हटाने के कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
भूस्खलन से सड़क मार्ग बंद
सड़क बंद होने के चलते आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों सहित निजी वाहन भी प्रभावित हुए हैं। कई यात्री घंटों से सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि जब तक सड़क पूरी तरह बहाल नहीं हो जाती, तब तक अनावश्यक यात्रा करने से बचें और यात्रा पर निकलने से पहले सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
यातायात बहाल करने में जुटी मशीनरी
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि, "खोती नाला के पास हुए भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हुआ है। मौके पर मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है और संबंधित विभाग की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ सड़क को खोलने में जुटी हुई हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सड़क को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।"
प्रशासन की जनता से अपील
एसपी ने कहा कि, बारिश के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने, तेज गति से वाहन न चलाने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।






