विधायक सत्ती ने पार्क का किया लोकार्पण
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने नगर निगम के रक्कड़ स्थित हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी फेस एक में लोगों की सुविधा के लिए पार्क का लोकार्पण किया। इस पार्क को करीब 9 लाख की लागत से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पार्क के निर्माण से बुजुर्गों और महिलाओं को टहलने के लिए उचित स्थान उपलब्ध होगा, वहीं बच्चों को भी खेलने के लिए यहां वहां नहीं जाना पड़ेगा। विधायक ने कहा कि जल्द ही कॉलोनी के फेस 4 में भी पार्क निर्माण को अमलीजामा पहनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य विधानसभा क्षेत्र के हर कोने का विकास है और उसके लिए उन्होंने सदैव सर्वोत्तम प्रयास किए हैं। विधायक ने कहा कि वर्तमान सरकार के समय पिछले ढाई साल से हर तरह के विकास कार्यों को पूरी तरह रोक दिया गया है। हालत यह है कि मुख्यमंत्री भी लोगों को जवाब देने से बचने के लिए विधानसभा क्षेत्र में पैर तक नहीं डाल रहे। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय जो विकास कार्य जहां रुक गया था, वह आज भी वहीं पर खड़ा है। न तो वर्तमान सरकार विकास कार्यों को पूरा करने में दिलचस्पी दिखा रही है और न ही स्थानीय कांग्रेस के नेताओं को जनता के दुख दर्द से कुछ लेना देना है। विधायक ने कहा कि वह केंद्र सरकार के सहयोग से अपने विधानसभा क्षेत्र में हर विकास कार्य को पूरा करवाने का प्रयास कर रहे हैं और उन्हें केंद्र के आशीर्वाद से सफलता भी हासिल हो रही है। जबकि प्रदेश सरकार से तो खुद सरकार के मंत्रियों और विधायकों को ही कोई उम्मीद नहीं रह गई है। मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा ऊना जिला के प्रवास के दौरान भाजपा के गुटबाजी के हावी होने वाले ब्यान पर सत्ती ने तीखा पलटवार किया है। सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री जनता का ध्यान भटकाने के लिए अक्सर इस तरह की बयानबाजी करते है जबकि उन्हें भाजपा पर बयानबाजी करने के स्थान पर अपना कुनबा संभालना चाहिए और लोगों को अपने अढ़ाई साल में किये गए कार्यों का लेखाजोखा देना चाहिए। इस मौके पर हिमुडा रेसिडेंट्स वेल्फेयर एसो. के अध्यक्ष देसराज, रामदेव अग्निहोत्री, ग्राम पंचायत टब्बा के उपप्रधान रशपाल सिंह, पंचायत सदस्य उमंग ठाकुर, मोनिका मनकोटिया, अजय शारदा, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहित जोशी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।












