कांगड़ा को मिली 10 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, जल्द स्थापित होगा ई-बस डिपो
हिमाचल प्रदेश में ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने की दिशा में कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ी पहल की गई है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कांगड़ा में इलेक्ट्रिक बस डिपो स्थापित करने की घोषणा की है। इसके साथ ही कांगड़ा डिपो को 10 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात भी मिली है।
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने कांगड़ा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि प्रदेश के परिवहन बेड़े में अब 300 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा चुकी हैं, जिनमें से 10 बसें कांगड़ा डिपो को मिली हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में 100 और इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी, जिनमें कांगड़ा को भी बसों का कोटा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि सरकार की योजना के तहत प्रदेश में 1000 इलेक्ट्रिक और 100 हाइड्रोजन बसें शामिल की जानी हैं। इससे कांगड़ा क्षेत्र को भविष्य में करीब 50 इलेक्ट्रिक बसें मिलने की उम्मीद है।
अजय वर्मा ने कहा कि कांगड़ा बस अड्डे में इलेक्ट्रिक बस डिपो के संचालन के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। बस अड्डे की ऊपरी मंजिल पर डिपो कार्यालय बनाया जाएगा, जबकि वर्कशॉप के लिए उपयुक्त जगह तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि कांगड़ा बस अड्डा जल्द ही सरकार के अधीन होगा, जिसके लिए करीब 27 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।






