NEET UG 2026: 21 जून को दोबारा होगी नीट परीक्षा, NTA ने की घोषणा
नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शुक्रवार को घोषणा करते हुए बताया कि NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा अब रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।
पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों के आरोपों के बाद केंद्र सरकार ने 12 मई को NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया था। इसके बाद लाखों छात्र और अभिभावक दोबारा परीक्षा की नई तारीख का इंतजार कर रहे थे। अब NTA ने आधिकारिक तौर पर परीक्षा की नई तिथि जारी कर दी है।
NTA ने अपने आधिकारिक एक्स पोस्ट में कहा, “राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने भारत सरकार की मंजूरी से NEET-UG 2026 की पुनः परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है। परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।”
शिक्षा मंत्री के आवास पर हुई हाई लेवल बैठक
सूत्रों के अनुसार, दोबारा परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा को लेकर गुरुवार देर शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार, NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह, CBSE चेयरमैन राहुल सिंह, केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से कराने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
22 लाख से ज्यादा छात्रों ने दी थी परीक्षा
गौरतलब है कि NEET UG 2026 परीक्षा पहली बार 3 मई को आयोजित की गई थी। यह परीक्षा देशभर के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में पेन-एंड-पेपर मोड में हुई थी।
करीब 22.79 लाख छात्रों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया था। लेकिन परीक्षा के बाद कई राज्यों से पेपर लीक और धांधली के आरोप सामने आए, जिसके बाद मामला राष्ट्रीय स्तर पर गरमा गया।
दोबारा रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं
NTA ने साफ किया है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले परीक्षा दी थी, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा किसी भी अभ्यर्थी से अतिरिक्त फीस भी नहीं ली जाएगी।
एजेंसी जल्द ही एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र और नई गाइडलाइन से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करेगी।
पेपर लीक मामले में CBI जांच तेज
NEET UG पेपर लीक मामले की जांच अब CBI कर रही है। केंद्रीय जांच एजेंसी लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार को CBI ने मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को हिरासत में लिया, जबकि दो अन्य संदिग्धों को भी पकड़ा गया है। जांच एजेंसी अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या NTA के भीतर से किसी की मिलीभगत थी।
CBI सूत्रों का कहना है कि इस पूरे मामले में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
छात्रों को NTA ने दिया भरोसा
NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि पेपर लीक में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अब 21 जून को होने वाली दोबारा परीक्षा पर देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों की नजरें टिकी हुई हैं।






