हिमाचल में गणित शिक्षकों की भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित, इन दिन होगी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने गणित विषय के शिक्षकों के 312 पदों (पोस्ट कोड 26003) को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है. यह कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट 26 मार्च को आयोजित किया गया था. आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार परीक्षा का रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर अपलोड कर दिया गया है, जहां अभ्यर्थी अपना रिजल्ट देख सकते हैं. रिजल्ट घोषित होने के बाद अब सफल उम्मीदवारों के लिए अगला चरण डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का रहेगा.
किस दिन होगी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन ?
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस परीक्षा में कुल 493 उम्मीदवार उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं. इन उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया 14 मई सुबह 10 बजे से आयोग परिसर में शुरू होगी. इसका विस्तृत शेड्यूल अलग से आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा. साथ ही उम्मीदवारों को उनकी रजिस्टर ईमेल आईडी पर भी सूचना भेजी जाएगी.
इन बातों का ध्यान रखें उम्मीदवार
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों को अलग से कोई बुलावा पत्र नहीं भेजा जाएगा. इसलिए सभी उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की वेबसाइट और अपनी ईमेल नियमित रूप से जांचते रहें ताकि किसी भी सूचना से वंचित न रहें. डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय उम्मीदवारों को अपने साथ सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स की मूल प्रतियां लानी होंगी. इसके अलावा सभी डॉक्यूमेंट्स की सेल्फ अटेस्टेड फोटोकॉपी के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति और वैध पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) भी साथ लाना जरूरी होगा.
दोबारा नहीं मिलेगा मौका
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तारीख पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसे दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा. ऐसे में उम्मीदवारों को तय समय और तारिख पर सभी डॉक्यूमेंट्स सहित उपस्थित होना जरूरी है. भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण को लेकर उम्मीदवारों में उत्साह है. गणित शिक्षकों के पदों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है. आयोग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से समय रहते तैयारी पूरी करने और जरूरी डॉक्यूमेंट्स व्यवस्थित रखने की अपील की है.












