बारिश भी नहीं डिगा सकी संधोल की महिलाओं का हौसला, अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की मांग को लेकर आंदोलन 18वें दिन भी जारी
अनंत ज्ञान | सरकाघाट
नागरिक अस्पताल संधोल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर युवाशक्ति के नेतृत्व में चल रहा जनआंदोलन बुधवार को लगातार 18वें दिन भी शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। मंगलवार रात हुई भारी बारिश भी आंदोलनकारियों के हौसले को नहीं डिगा सकी। बारिश के बावजूद महिलाएं पूरी रात धरनास्थल पर डटी रहीं और अपने स्वास्थ्य अधिकारों की लड़ाई जारी रखी।
आंदोलन के 18वें दिन रीता देवी, सीमा देवी, पुन्या, सुनीता, शारदा देवी, सैना देवी, संजय कुमार और भूपेंद्र सिंह क्रमिक अनशन पर बैठे। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और स्थानीय लोगों ने पहुंचकर आंदोलनकारियों का समर्थन किया और उनकी मांगों के प्रति एकजुटता दिखाई।
युवाशक्ति के प्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र की जनता पिछले 18 दिनों से पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपने स्वास्थ्य अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है। उनका कहना है कि नागरिक अस्पताल संधोल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव लंबे समय से क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए गंभीर समस्या बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं हर नागरिक का अधिकार हैं और जब तक अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं, तब तक यह जनआंदोलन इसी तरह शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहेगा। आंदोलनकारियों ने सरकार से जल्द सकारात्मक कदम उठाकर क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।






