परवाणु में टक्कर के बाद भड़के कार सवार, पंजाब के पर्यटकों ने HRTC कर्मचारियों से की मारपीट
परवाणू (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के चालक और परिचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पंजाब से आए पर्यटकों ने सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद में बस चालक और परिचालक के साथ गाली-गलौज करते हुए उनकी पिटाई कर दी। घटना के बाद एचआरटीसी प्रबंधन ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर डिपो की एचआरटीसी बस रामपुर से अंबाला की ओर जा रही थी। जब बस परवाणू बाईपास स्थित स्पीड ब्रेकर के पास पहुंची तो चालक ने वाहन की गति धीमी करते हुए ब्रेक लगाए। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार बस से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार सवार कुछ लोगों ने बस चालक और परिचालक के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करने के साथ-साथ दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। इस घटना से मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
घटना के बाद बस के परिचालक ने तुरंत परवाणू पुलिस थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में कार सवार पर्यटकों पर मारपीट और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
एचआरटीसी प्रबंधन ने जताई नाराजगी
मामले को लेकर एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप ठाकुर ने कहा कि निगम के कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत परवाणू पुलिस थाना में दर्ज करवा दी गई है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
वहीं, डीएसपी अनिल शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने संबंधित कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना और उसके बाद हुई मारपीट से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है, ताकि मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।






