हिमाचल स्थापना दिवस पर सुक्खू सरकार का बड़ा तोहफा, क्लास-1 और क्लास-2 की सैलरी कटौती वापस
किन्नौर। हिमाचल प्रदेश स्थापना दिवस के मौके पर सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए क्लास-1 और क्लास-2 कर्मचारियों की सैलरी में लगाए गए कट को वापस लेने की घोषणा की है। इस निर्णय से हजारों अधिकारियों को सीधी राहत मिली है। राज्य सरकार ने कुछ समय पहले वित्तीय संकट के चलते क्लास-1 और क्लास-2 (ग्रुप A और B) अधिकारियों की सैलरी का एक हिस्सा अस्थायी रूप से रोकने (डिफरमेंट) का फैसला लिया था। इस कदम का उद्देश्य राज्य के बढ़ते आर्थिक दबाव को संतुलित करना था।
हालांकि, इस फैसले के बाद कर्मचारी संगठनों में नाराजगी देखने को मिली। कर्मचारियों का कहना था कि पहले से लंबित भत्तों और महंगाई के दौर में सैलरी कटौती उनके लिए मुश्किलें बढ़ा रही है।
इसी बीच, हिमाचल स्थापना दिवस के अवसर पर सरकार ने बड़ा ऐलान करते हुए इस सैलरी कटौती को पूरी तरह से वापस लेने का निर्णय लिया। सरकार के इस फैसले को कर्मचारियों के लिए राहत और सकारात्मक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
स्थापना दिवस पर लिया गया यह निर्णय न सिर्फ कर्मचारियों के लिए राहत भरा है, बल्कि सरकार की संवेदनशीलता को भी दर्शाता है। अब देखना होगा कि आर्थिक चुनौतियों के बीच सरकार आगे किस तरह संतुलन बनाए रखती है।












