पत्नी और बच्चों की आंखों के सामने नदी में समाया युवक, पलभर में मातम में बदलीं खुशियां
चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। परिवार के साथ सैर-सपाटे पर निकला एक युवक रावी नदी में नहाने उतरा, लेकिन अचानक पांव फिसलने से वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते नदी में बह गया। पत्नी और बच्चों की आंखों के सामने हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
मृतक की पहचान अमित कुमार पुत्र दलीप कुमार निवासी मोहल्ला पक्काटाला, चंबा के रूप में हुई है। अमित कुमार स्थानीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार अमित रविवार को अपने परिवार के साथ घूमने के लिए बालू कस्बे के समीप रावी नदी किनारे पहुंचा था। इस दौरान वह नहाने के लिए नदी में उतरा, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ने से उसका पांव फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया।
पत्नी और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक अमित बहाव में काफी दूर जा चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से खोज अभियान शुरू किया गया। काफी तलाश के बाद जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप युवक का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है और आवश्यक जांच जारी है।






