यूट्यूब पर हिमाचल पुलिस के DSP को ज्योतिष पढ़ाना पड़ा भारी, हेडक्वार्टर ने जारी किया नोटिस..
शिमला: हिमाचल पुलिस में सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर एक और मामला सामने आया है। गाने गाकर चर्चा में आए निलंबित इंस्पेक्टर विजय कुमार के मामले के बाद अब एक डीएसपी रैंक के अधिकारी की इंटरनेट मीडिया गतिविधियां विभाग के निशाने पर हैं।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित अधिकारी पर बिना विभागीय अनुमति ज्योतिष से जुड़े वीडियो और ऑनलाइन पाठ्यक्रम (कोर्स) का प्रचार करने तथा इसके माध्यम से आर्थिक गतिविधियां संचालित करने के आरोप हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मुख्यालय ने अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
जांच में सामने आए दस्तावेजों के अनुसार, संबंधित यूट्यूब चैनल पर राशिफल, ग्रह-नक्षत्र, वैदिक ज्योतिष और आध्यात्मिक विषयों से जुड़े कई वीडियो मौजूद हैं। इन वीडियो में अधिकारी का चेहरा और नाम स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। हालांकि, किसी भी वीडियो में उन्होंने स्वयं को हिमाचल पुलिस का डीएसपी नहीं बताया है और न ही वे पुलिस वर्दी में नजर आते हैं।
फिलहाल पुलिस मुख्यालय मामले की जांच कर रहा है और अधिकारी से प्राप्त जवाब के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।






