चरस और अवैध पिस्तौल के साथ पकड़े युवकों के मामले में नया मोड़
किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर बहोल टोल प्लाजा के पास चरस और पिस्तौल के साथ पकड़े गए चार युवकों के मामले में पुलिस जांच के दौरान एक नया मोड़ सामने आया है। स्पेशल डिटेक्शन टीम की ओर से रविवार देर शाम युवकों के पास से 1 किलो 63.7 ग्राम चरस और एक लोडेड पिस्तौल बरामद की गई थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विशाल (25), निवासी मकान नंबर 1421, रामदरबार फेज-2, चंडीगढ़, अभय (18), निवासी राजीपुर, पंचकूला, हरियाणा, अभिषेक (20), निवासी राजीपुर, कालका, पंचकूला, हरियाणा, अमन, निवासी मकान नंबर 1384, रामदरबार फेज-2, चंडीगढ़ के रूप में हुई है।
पहले भी कुल्लू में खरीद चुके हैं चरस, सप्लायर के साथ था संपर्क
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि बरामद पिस्तौल वे चंडीगढ़ निवासी एक दोस्त प्रिंस से लेकर आए थे। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि प्रिंस के पास इस पिस्तौल का कोई वैध लाइसेंस नहीं है। पिस्तौल को केवल दिखावे के लिए चंडीगढ़ से आए विशाल ने अपने दोस्त प्रिंस से लिया था। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि बरामद की गई चरस को विशाल और अमन ने खरीदा था, जिसमें उन्हें अजय और अभिषेक (दोनों भाई) का सहयोग मिला। ये दोनों पहले भी कुल्लू से चरस खरीद चुके हैं और वहां के सप्लायर्स से उनके संपर्क हैं। कुल्लू में अभय और अभिषेक ने ही सप्लायर से बातचीत कर चरस मंगवाई थी और अपने दोस्तों को दी थी। डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने बताया कि मामला संगठित नशा तस्करी और अवैध हथियार रखने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पिस्तौल जिस व्यक्ति से लाई गई है, उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब प्रिंस को भी मामले में शामिल करते हुए उसके विरुद्ध आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है।












