सात्विक-चिराग इंडोनेशिया में खिताब जीतने की करेंगे कोशिश
पूर्व चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी मंगलवार से यहां शुरू हो रहे 1,450,000 डॉलर पुरस्कार राशि के इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की चुनौती की अगुआई करते हुए वापसी की लय जारी रखना चाहेगी। फिटनेस हासिल करने के बाद दुनिया की पूर्व नंबर एक जोड़ी पिछले सप्ताह सिंगापुर ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची थी और अब उनकी कोशिश इस टूर्नामेंट में और आगे तक पहुंचने की होगी ताकि वे 2023 में जीती गई ट्रॉफी को फिर से हासिल कर सकें। अभी सात्विक और चिराग की जोड़ी रैंकिंग में 27वें स्थान पर है लेकिन सिंगापुर के सेमीफाइनल तक पहुंचने के बाद उनके शीर्ष 20 के करीब पहुंचने की उम्मीद है। यह भारतीय जोड़ी इंडोनेशिया आपेन में अपने अभियान की शुरूआत लियो रोली कार्नांडो और बागस मौलाना की इंडोनेशियाई जोड़ी के खिलाफ करेगी। सात्विक स्वास्थ्य समस्याओं और चिराग पीठ की चोट के कारण पिछले कुछ सप्ताह से खेल से दूर थे। हालांकि इस स्टार जोड़ी ने पिछले हफ्ते सेमीफाइनल में पहुंचने के दौरान तकनीकी दक्षता दिखाकर मलेशिया के गोह से फेई और नूर इज्जुद्दीन की नंबर एक जोड़ी को हराकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पीवी सिंधू आगे तक पहुंचने का बनाएंगी लक्ष्य
वहीं दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू इस साल लगातार खराब प्रदर्शन के बाद अब इस टूर्नामेंट में आगे तक पहुंचने का लक्ष्य बनाएंगी। 29 साल की इस खिलाड़ी को फरवरी में गुवाहाटी में ट्रेनिंग के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी जिसके कारण वह शिया टीम चैंपियनशिप से बाहर हो गई थीं। वापसी के बाद से वह थुई लिन्ह एनगुयेन, पुत्री कुसुमा वर्दानी और किम गा युन जैसी खिलाडिय़ों हारकर टूर्नामेंट से जल्दी बाहर हो गई। पिछले हफ्ते हालांकि 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की इस चैंपियन ने दूसरे दौर में चीन की तोक्यो ओलंपिक चैंपियन चेन यू फी से हारने से पहले अपने पूर्व प्रदर्शन की झलक दिखाई थी।
त्रिसा जॉली और गायत्री की जोड़ी करेगी वापसी
महिला एकल में अन्य खिलाडिय़ों में अनुपमा उपाध्याय का सामना कोरिया की किम गा यून से, रक्षिता श्री रामराज का सामना थाईलैंड की बाएं हाथ की खिलाड़ी सुपानिदा काटेथोंग से जबकि मालविका बंसोड़ का सामना इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वर्दानी से होगा। महिला युगल में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी चोट से वापसी कर रही हैं और उनका सामना जापान की युकी फुकुशिमा और मायू मात्सुमोतो की जोड़ी से होगा। मिश्रित युगल में भारत का प्रतिनिधित्व ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो, रोहन कपूर और रुथविका गाडे शिवानी, सतीश करुणाकरण और आद्या वरियाथ तथा असिथ सूर्या और अमृता प्रमुथेश की चार जोडिय़ां करेंगी।












