भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित: एक हाईवे समेत 37 सड़कें बंद, कई इलाकों में ब्लैकआउट
बरसात की बारिश के साथ जिलावासियों की दुश्वारियां भी बढ़ने लगी हैं। जिले में सोमवार रात से रुक-रुक बारिश हो रही है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इससे लोगों के साथ स्कूल-कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सैंज में लारजी-सैंज मार्ग पर जगह-जगह मलबा गिरने से अभिभावकों को खुद अपने बच्चों को स्कूल पहुंचाने पड़े।बारिश के कारण भूस्खलन होने से हाईवे-305 के साथ जिले में 37 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही थम गई है।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान जरड़ के पास तालाब बना कुल्लू-मनाली हाईवे।
लोगों को जरूरी काम के लिए कई किलोमीटर तक पैदल सफर करना पड़ा है। सबसे अधिक 21 सड़कें बाह्य सराज आनी-रिमंड में बसों के साथ अन्य वाहनों के लिए ठप हो गई है। बंजार में 11 और कुल्लू मंडल में 5 सड़कों पर पहिये जाम हो गए हैं। बारिश से बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है। बंजार इलाके में 52 ट्रांसफार्मर बंद हैं और जिभी के साथ पलाच, जीवानाला, शिलागढ़ और देहुरी में ब्लैक आउट हो गया है। बिजली न होने से लोगों के साथ सैलानियों को परेशान होना पड़ रहा है। मूसलाधार बरसात से ब्यास नदी के साथ तीर्थन नदी और पिन पार्वती नदी का जलस्तर उफान पर है। नदियों के सहायक नालों में बाढ़ जैसे हालत होने से लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। जिला प्रशासन ने जिलावासियों और घाटी में आए पर्यटकों को अपनी सुरक्षा को देखते हुए सतर्क रहने को कहा गया है। अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू अश्वनी कुमार ने कहा कि बारिश का दौर अगले तीन-चार दिनों तक जारी रहेगा। उन्होंने लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।












