बरसात को लेकर बंगाणा प्रशासन सतर्क, सभी विभागों को अलर्ट पर रहने और संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
आपदा के समय त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यकारी एसडीएम बंगाणा अमित शर्मा की अध्यक्षता में उपमंडल कार्यालय में मंगलवार को विशेष बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में बाढ़, भारी वर्षा, भूस्खलन, सड़क अवरोध जैसी आपदाओं से निपटने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। कार्यकारी एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए और कहा कि आपदा के समय मानवीय जीवन की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने आपदा प्रबंधन से संबंधित संसाधनों की समीक्षा की और सभी विभागों को एक समन्वित कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आवश्यक सामग्री जैसे नाव, रस्सी, प्राथमिक चिकित्सा किट, जेसीबी मशीन आदि हर समय तैयार स्थिति में हो। बरसात का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए तत्पर रहना होगा। बैठक के अंत में एक संयुक्त कार्ययोजना का प्रारूप तैयार किया गया। इसे जल्द ही सभी पंचायतों और संबंधित विभागों के साथ साझा किया जाएगा ताकि आपदा की स्थिति में तुरंत राहत व बचाव कार्य आरंभ किया जा सके।












