जसप्रीत पाल साइकिल से पहुंचे विश्व के सबसे ऊंचे कृष्ण मंदिर
अंतराष्ट्रीय साइकिल दिवस के अवसर पर, हिमाचल प्रदेश इलेक्शन कमीशन के स्टेट आइकन जसप्रीत पाल ने एक अद्भुत रिकॉर्ड स्थापित किया है। वह विश्व के सबसे ऊंचे कृष्ण मंदिर और झील, जो किन्नौर के यूलाकंडा में स्थित है, उस तक एक ही दिन में साइकिल चलाकर पहुंचे। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उन्हें डीसी किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जसप्रीत पाल ने बताया कि उन्होंने 31 मई को मंडी से अपनी यात्रा शुरू की थी और यूला कंडा पहुंचने के बाद रिकांगपिओ पहुंचे। पिछले पांच वर्षों में उन्होंने 32,000 किलोमीटर से अधिक साइकिलिंग की है और 732,000 मीटर की ऊंचाई हासिल की है। इसमें प्रदेश के 85 प्रतिशत ऊंचे और पहाड़ी इलाके शामिल हैं। इलेक्शन कमीशन के आइकन के तौर पर, जसप्रीत पाल ने नए मतदाताओं के पंजीकरण, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति के लिए जागरूकता फैलाने का काम किया है। यूलाकंडा में उन्होंने मंदिर और झील के आसपास से लगभग दो बैग प्लास्टिक और कांच की बोतलें एकत्रित कर यूला गांव में निष्पादित कीं। उन्होंने पर्यटकों से किन्नौर के पर्यटन और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आग्रह किया।
साइकिल रैली आयोजित करने का दिया आश्वासन
डीसी किन्नौर ने जसप्रीत पाल के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को मतदान के लिए जागरूक करने, नशे से दूर रहने और खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने यूलाकंडा की झील और पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डीसी किन्नौर ने जल्द ही जिले में एक साइकिल रैली आयोजित करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एसपी किन्नौर अभिषेक एस भी उपस्थित थे।












