बेरोजगारी, टैक्स और कर्ज पर बिंदल का सुक्खू सरकार पर हमला, बोले- ‘पेपर हुआ ही नहीं तो लीक कहां से होगा?’
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोमवार को शिमला स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में पत्रकार वार्ता कर सुक्खू सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बेरोजगारी, सरकारी भर्तियों, बढ़ते टैक्स, महंगाई, कर्ज और विकास कार्यों को लेकर सरकार पर कई गंभीर सवाल उठाए।
डॉ. बिंदल ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच लाख रोजगार देने का वादा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का कार्यकाल करीब चार वर्ष पूरा होने को है, लेकिन युवा आज भी भर्ती परीक्षाओं और रोजगार के इंतजार में हैं।
'पेपर हुआ ही नहीं तो लीक कहां से होगा?'
भर्ती परीक्षाओं को लेकर सरकार पर तंज कसते हुए डॉ. बिंदल ने कहा, “पेपर हुआ ही नहीं तो लीक कहां से होगा?” उन्होंने आरोप लगाया कि कई भर्तियों की प्रक्रिया लंबे समय से अधर में लटकी हुई है और युवा वर्षों से परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने ऐसी नियुक्तियों की जांच की मांग की, जिनमें कथित तौर पर न लिखित परीक्षा हुई और न ही इंटरव्यू। बिंदल ने सरकार से इन नियुक्तियों की प्रक्रिया और संख्या सार्वजनिक करने की मांग की।
पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम और टैक्स पर भी हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पेट्रोल-डीजल पर बढ़े करों और हाल में लगाए गए 60 पैसे प्रति लीटर सेस को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पेट्रोल-डीजल पर बढ़े करों और कीमतों के कारण प्रदेश की जनता पर करीब 600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ा है।
उन्होंने सीमेंट, स्टांप ड्यूटी, राशन, बिजली, पानी और बस किराये से जुड़े मुद्दे उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी, गरीब और मध्यम वर्ग के घरेलू खर्च में लगातार बढ़ोतरी हुई है।
कर्ज बढ़ा तो विकास कहां हुआ?
डॉ. बिंदल ने प्रदेश सरकार पर लगातार कर्ज लेने के बावजूद विकास कार्यों की गति धीमी होने का आरोप लगाया। उन्होंने खराब सड़कों, बंद किए गए संस्थानों तथा कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबित देनदारियों का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने सवाल किया कि जब रोजगार और विकास के मोर्चे पर सरकार अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाई, तो हजारों करोड़ रुपये का लिया गया कर्ज आखिर कहां खर्च हुआ? भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से कर्ज और उसके इस्तेमाल का हिसाब जनता के सामने रखने की मांग की।
मानसून सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी
बिंदल ने कहा कि विधानसभा के आगामी मानसून सत्र में भाजपा विधायक दल बेरोजगारी, महंगाई, टैक्स, कर्ज, कथित भ्रष्टाचार और विकास कार्यों जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा इन सवालों को विधानसभा के साथ-साथ जनता के बीच भी ले जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा संगठन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर तक तैयारी कर रहा है और सरकार की नीतियों के खिलाफ जन मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।






