राईया पुल के पास तेज रफ्तार कार पुल की रेलिंग से टकराई, चालक घायल
हिमाचल प्रदेश में कई फोरलेन का निर्माण किया जा रहा, जिनमें किरतपुर-नेरचौक फोरलेन भी शामिल है। हालांकि, इस फोरलेन के निर्माण से यात्रियों को सुविधा मिली है। वहीं, दूसरी ओर सड़क हादसों की संख्या में भी चिंताजनक वृद्धि देखी जा रही है। इसी कड़ी में वीरवार सुबह एक और दर्दनाक हादसा भगेड़ के समीप राईया पुल के पास सामने आया, जिसने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार पुल की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने घायल को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा दिया, जिससे उसकी जान बच पाई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
लोग बोले- फोरलेन के निर्माण के बाद हादसे में वृद्धि
लोगों का कहना है कि जबसे फोरलेन का निर्माण हुआ है, तब से लेकर अब तक दुर्घटनाओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। खासकर राईया पुल के आसपास कई बार ऐसे हादसे हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि फोरलेन के निर्माण के दौरान कुछ स्थानों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिससे वाहन चालकों को मोड़ों और ढलानों पर समस्याएं होती हैं। लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि इस क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जाएं। इनमें स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, सड़क के किनारे रिफ्लेक्टर और सीसीटीवी कैमरे जैसे उपाय शामिल किए जा सकते हैं। इसके अलावा, ट्रैफिक पुलिस की नियमित गश्त और वाहन चालकों के लिए जागरूकता अभियान चलाने की भी आवश्यकता है।












