सोलन जिला परिषद को मिला नया नेतृत्व, भाजपा ने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष दोनों पदों पर किया कब्जा
सोलन: सोलन जिला परिषद को सोमवार को नया नेतृत्व मिल गया। जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए दोनों शीर्ष पदों पर कब्जा जमा लिया। डांगरी वार्ड से निर्वाचित कुमारी शीला लगातार दूसरी बार जिला परिषद अध्यक्ष चुनी गईं, जबकि टकसाल वार्ड से पहली बार जिला परिषद सदस्य बने पंकज शर्मा उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। चुनाव के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया। इस मौके पर सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
बहुमत के दम पर निर्विरोध जीत
हाल ही में हुए जिला परिषद चुनाव में 17 सीटों में से भाजपा ने 10, कांग्रेस ने 5 और दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी। स्पष्ट बहुमत होने के कारण अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा का दावा पहले से मजबूत माना जा रहा था। कांग्रेस ने दोनों पदों पर अपना प्रत्याशी नहीं उतारा, जिसके चलते भाजपा के दोनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए।
विकास को मिलेगी प्राथमिकता
दोबारा अध्यक्ष चुनी गईं कुमारी शीला ने कहा कि यह उनके लिए सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राजनीति से ऊपर उठकर सभी जिला परिषद वार्डों में समान विकास सुनिश्चित किया जाएगा। सरकार और संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
वहीं, नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष पंकज शर्मा ने कहा कि पहली बार सदस्य बनने के साथ ही पार्टी ने उन पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का भरोसा दिया।
भाजपा ने जनता का जताया आभार
सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि जिला परिषद और नगर निगम सोलन में भाजपा को जनता का स्पष्ट जनादेश मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि नया नेतृत्व विकास कार्यों को नई गति देगा और जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरेगा।






