पठानकोट नगर निगम को बम धमाकों की धमकी, आर्मी स्टेशन और स्कूल भी निशाने पर; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
पठानकोट। सोमवार सुबह पठानकोट नगर निगम के कमिश्नर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम धमाकों की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। ईमेल में नगर निगम कार्यालय, आर्मी स्टेशन और कैंट स्थित आर्मी स्कूलों में आईईडी (IED) बम धमाके करने की धमकी दी गई है। यह ईमेल कथित तौर पर 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' के नाम से भेजा गया है।
ईमेल में 15 अगस्त से पहले आर्मी बेस और कैंट क्षेत्र खाली करने की चेतावनी देते हुए अलग-अलग समय पर नगर निगम कार्यालय, आर्मी स्कूल और आर्मी स्टेशन को निशाना बनाने की बात कही गई है। साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को भी धमकी दी गई है।
धमकी भरा ईमेल मिलते ही नगर निगम प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को दी। इसके बाद नगर निगम कार्यालय, आर्मी स्कूलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस और बम निरोधक टीम ने नगर निगम परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया, हालांकि अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
नगर निगम के एक्सईएन प्रभजोत सिंह ने बताया कि ईमेल मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई और कर्मचारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। वहीं, एसएचओ अमनप्रीत कौर ने कहा कि पुलिस ने पूरे परिसर की तलाशी ली है और फिलहाल कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि धमकी भरे ईमेल भेजने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस का साइबर सेल ईमेल के आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रहा है। मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।






