नगरोटा बगवां में कांग्रेस का ऐतिहासिक 3-0 क्लीन स्वीप, RS बाली के विकास मॉडल पर जनता ने लगाई मुहर
नगरोटा बगवां। नगरोटा बगवां की राजनीति में मंगलवार को एक नया इतिहास दर्ज हो गया। विकास, विश्वास और जनसेवा की राजनीति को जनता ने लगातार तीसरी बार अपना समर्थन देते हुए कांग्रेस समर्थित नेतृत्व पर भरोसा जताया है। ब्लॉक समिति नगरोटा और ब्लॉक समिति बड़ोह के बाद अब नगर परिषद नगरोटा में भी कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचित होने के साथ कांग्रेस ने 3-0 की ऐतिहासिक क्लीन स्वीप दर्ज कर दी है।
नगर परिषद नगरोटा में कांग्रेस समर्थित राहुल धीमान अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि आशा वालिया उपाध्यक्ष चुनी गईं। आशा वालिया ने उपाध्यक्ष पद के चुनाव में 5-3 के अंतर से जीत हासिल की। इससे पहले एसडीएम नगरोटा मुनीष शर्मा की अध्यक्षता में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई।
इस अवसर पर पर्यटन निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आर.एस. बाली ने नगरोटा विधानसभा क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश विकास की राजनीति, जनविश्वास और नगरोटा के उज्ज्वल भविष्य के प्रति लोगों के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नगरोटा की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह सकारात्मक सोच, विकास और सबको साथ लेकर चलने वाली राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है।
आरएस बाली ने कहा कि पिछले वर्षों में विधानसभा क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों और पारदर्शी कार्यशैली पर लोगों ने एक बार फिर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार लगातार मजबूत हो रहा है और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग विकास की राजनीति से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने आशा वालिया और सपना कटोच का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा, "हम सब एक परिवार का हिस्सा हैं। चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद हमारी प्राथमिकता केवल विकास और जनसेवा होनी चाहिए। मेरे लिए सभी निर्वाचित प्रतिनिधि सम्माननीय हैं और चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक प्रत्याशी का भी समान सम्मान है। हम सब मिलकर बिना किसी भेदभाव के नगरोटा बगवां के विकास और जनसेवा के लिए कार्य करेंगे।"
आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र की जनता की दूरदर्शी सोच ने लगातार तीसरी बार विकास के पक्ष में स्पष्ट और निर्णायक जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक समिति नगरोटा में 14-1, ब्लॉक समिति बड़ोह में 10-5 और अब नगर परिषद नगरोटा में कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन ने यह साबित कर दिया है कि जनता विकास की राजनीति के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि यह जनादेश उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। आने वाले समय में नगरोटा बगवां में विकास कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी तथा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड, प्रत्येक परिवार और समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।
संदेश स्पष्ट है कि सियासत के पन्नों पर आज नया इतिहास लिखा गया है। जनता ने एक बार फिर विकास, विश्वास और जनसेवा की राजनीति को चुना है और नगरोटा बगवां की तरक्की के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया है।






