19 से 21 तक कलाकेंद्र व अटल सदन में रहेगी 48वें सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव की धूम
सूत्रधार कला संगम कुल्लू की कार्यकारिणी बैठक सूत्रधार भवन के कार्यालय में संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में इस जून माह में होने वाले 48वें सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव के सफल आयोजन को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने कहा कि वर्तमान वर्ष-2025 में संस्था अपने 48 वर्ष पूर्ण कर रही है। इन 48 वर्षों में संस्था ने कला संस्कृति के क्षेत्र में कई बार हिमाचल प्रदेश, भारत वर्ष के विभिन्न प्रांतों में तथा विदेशों में अपनी प्रस्तुतियों से अनेक आयामों को स्थापित किया है। संस्था का मूल उद्देश्य उभरती हुई युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, समाज सेवा तथा अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण करना है। संस्था द्वारा निरंतर 5 दशकों से युवा शक्ति को कला संस्कृति के माध्यम से जोड़कर उन्हें सृजनात्मक कार्यों में संलिप्त किया गया है, ताकि वे कला-निपुण होने के साथसाथ समाज में व्याप्त दुव्र्यसनों से भी बचे रहें। इन्हीं प्रयासों के अंतर्गत सूत्रधार कला संगम कुल्लू हर वर्ष की भांति इस बार भी स्थानीय निजी व सरकारी पाठशालाओं की सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 21 जून तक ऐतिहासिक लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र कुल्लू व अटल सदन कुल्लू में करने जा रहा है। इस त्रिदिवसीय उत्सव में विभिन्न 11 सांस्कृतिक विधाओं लोकनृत्य, समहू नृत्य, लघुनाटक, समूह गान, प्रिंसेस सूत्रधार, फैशन शो, वाद्यवृंद, लोक गीत, फिल्म गीत, शास्त्रीय गायन तथा फैंसी ड्रैस की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।












