नूरपुर: नागाबाड़ी टोल प्लाजा पर बड़ी कार्रवाई, बाइक सवार से 2.532 किलो चरस बरामद
नूरपुर। नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत नूरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईए नूरपुर की टीम ने नागाबाड़ी टोल प्लाजा के समीप एक बाइक सवार युवक के कब्जे से 2.532 किलोग्राम चरस बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने बताया कि सीआईए टीम नियमित गश्त एवं चेकिंग अभियान के दौरान नागाबाड़ी टोल प्लाजा के पास तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन चालक के पास से 2.532 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बरामद नशीले पदार्थ के साथ मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया। आरोपी की पहचान अश्वनी कुमार निवासी रविदास मॉल, नरोट मेहरा, तहसील एवं जिला पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है।
सीआईए नूरपुर की टीम ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।






