कांगड़ा एयरपोर्ट का होगा विस्तार! मांझी खड्ड पर बनेगा 380 मीटर लंबा पुल, बड़े विमान भर सकेंगे उड़ान
धर्मशाला/शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार गगल स्थित कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार की महत्वाकांक्षी परियोजना को तेजी से आगे बढ़ा रही है। परियोजना के तहत न केवल हवाई पट्टी की लंबाई बढ़ाई जाएगी, बल्कि एयरपोर्ट के समीप बहने वाली मांझी खड्ड पर 380 मीटर लंबे पुल के निर्माण की भी तैयारी शुरू कर दी गई है। पुल निर्माण से पहले शिमला से एक उच्चस्तरीय टीम मौके का निरीक्षण करेगी और उसकी रिपोर्ट के आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों के साथ सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में प्रधान सचिव देवेश कुमार ने परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मांझी खड्ड पर प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य शुरू करने से पहले विशेषज्ञों की हाई लेवल टीम स्थल का विस्तृत निरीक्षण करे, ताकि परियोजना को सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
वर्तमान में कांगड़ा हवाई अड्डे के रनवे की लंबाई 1,372 मीटर है। सीमित लंबाई के कारण यहां केवल छोटे टर्बोप्रॉप विमान, जैसे एटीआर-72, ही सीमित क्षमता के साथ लैंड और टेकऑफ कर पाते हैं। सरकार अब इस स्थिति को बदलने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में रनवे की लंबाई बढ़ाकर 1,900 मीटर की जाएगी। इसके तहत हवाई पट्टी में करीब 600 मीटर की वृद्धि की जाएगी और इसी चरण में मांझी खड्ड पर 380 मीटर लंबे पुल का निर्माण भी प्रस्तावित है।
इसके बाद दूसरे चरण में रनवे की लंबाई 1,900 मीटर से बढ़ाकर 3,010 मीटर यानी लगभग 3.01 किलोमीटर तक की जाएगी। इस चरण में 1,110 मीटर अतिरिक्त लंबाई जोड़ी जाएगी। परियोजना पूरी होने के बाद कांगड़ा एयरपोर्ट पर एयरबस ए-320 और बोइंग 737 जैसे बड़े कमर्शियल जेट विमान भी आसानी से लैंड और टेकऑफ कर सकेंगे।






