मंडी में दर्दनाक हादसा: 700 फुट गहरी खाई में समाई कार, दो घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझे
मंडी। हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन सामने आ रहे दर्दनाक हादसे लोगों के दिलों में डर और बेबसी दोनों पैदा कर रहे हैं।
ताजा मामला जिला मंडी से सामने आया है, जहां आधी रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझा दिए। करसोग-शिमला सड़क पर कलगार के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और पूरे इलाके में मातम पसर गया।
मंडी जिले के करसोग क्षेत्र में हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों की खतरनाक हकीकत को उजागर कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, तत्तापानी से लौट रहे दोनों युवक जैसे ही कलगार के पास पहुंचे, उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 700 फुट गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद खाई से शवों को बाहर निकाला गया। डीएसपी करसोग चांद किशोर के अनुसार, मृतकों की पहचान सुनील कुमार (25) निवासी गांव सौथल माहूनाग और पवन कुमार निवासी गांव केथु माहूनाग के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।












