धार टटोह में 54 लाभार्थियों को वितरित किए सहायक उपकरण
जिला प्रशासन, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी और एलिम्को के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को धार टटोह पंचायत के सामुदायिक भवन में वयोश्री योजना, एडीप योजना और स्पर्श कार्यक्रम के तहत सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विकास खंड अधिकारी बबीता धीमान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर धार टटोह, सोलग जुरासी, द्रोबाद, धोंन कोठी, बैरी रजादियां और पंजगाई सहित छह पंचायतों के कुल 54 लाभार्थियों को लगभग 4.5 लाख रुपए के सहायक उपकरण वितरित किए गए। 11 दिव्यांगजन और 43 वरिष्ठ नागरिक शामिल रहे। वितरित किए गए सहायक उपकरणों में 43 कम्बोड चेयर, 17 व्हीलचेयर, 8 एल्बो क्रचेस, 47 स्टिक्स, 62 नी ब्रेस, 42 लुम्बो-सैक्रल बेल्ट, 4 सिलिकोन फोम कुशन और 24 हियरिंग एड शामिल हैं। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव अमित कुमार, तहसील कल्याण अधिकारी बनीता बंसल, एलिम्को की टीम से शिवानी शर्मा, ग्राम पंचायत धार टटोह के उपप्रधान एवं वार्ड सदस्य सुभाष चंद, पलविंदर सिंह, कुलदीप सिंह, पंचायत सचिव जय लाल तथा स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












