विद्यार्थियों को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ
नशा एवं अवैध तस्करी विरोधी अंतरराष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य पर वीरवार को जिला स्तरीय नशा विरोधी कार्यक्रम का आयोजन पीएम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरमाणा में बड़े ही उत्साह और जागरूकता के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सदर बिलासपुर रजदीप सिंह ने की। एसडीएम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया और मादक पदार्थों के कारण होने वाली शारीरिक, मानसिक व सामाजिक क्षति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग ही देश का भविष्य है और यदि यह वर्ग नशे जैसी बुराई की चपेट में आ गया, तो समाज की नींव कमजोर हो जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे साथी दबाव से बचते हुए अपने जीवन में सदैव सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाएं। इस दौरान उन्होंने सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और नशा मुक्त समाज निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान।
विद्यार्थियों में चित्रकला और निबंध लेखन स्पर्धा
विद्यार्थियों ने चित्रकला, निबंध लेखन, वाद विवाद और स्लोगन लेखन से नशा विरोधी संदेशों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि की ओर से पुरस्कार प्रदान किए गए। सभी अतिथियों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज को नशामुक्त दिशा में ले जाने की एक सार्थक पहल बताया। जिला कल्याण अधिकारी आरसी बंसल ने जानकारी दी कि भारत सरकार के निर्देशानुसार 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत 1 जून से अब तक जिला बिलासपुर में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं व आम जनता को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज में सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है।
अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए दें सहयोग
विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में शपथ ग्रहण समारोह, जागरूकता रैलियां, विशेष व्याख्यान, दीवार लेखन, स्लोगन लेखन, चित्रकला, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा सामुदायिक वर्कशॉप, पंचायत स्तर पर बैठकें तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने में प्रशासन का सहयोग करें और अपने-अपने स्तर पर नशा मुक्ति के लिए कार्य करते हुए एक स्वस्थ, जागरूक और स्वच्छ समाज के निर्माण में सहभागी बनें। इस अवसर पर प्रधानाचार्या नीलम कुमारी, मानव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रकाश बंसल, थाना प्रभारी बरमाणा पूजा कौंडल, बरमाणा सीमेंट प्लांट के एचआर हेड हितेंद्र कपूर, तहसील कल्याण अधिकारी बनीता बंसल, विद्यालय स्टाफ एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।












