मंडी नगर निगम चुनाव: सीएम सुक्खू ने संभाली प्रचार की कमान, पांच वार्डों के लिए 50-50 लाख के विशेष बजट का ऐलान
मंडी: नगर निगम चुनाव को लेकर मंडी में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। चुनावी रण में बढ़त हासिल करने के लिए कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुख्खू ने मंडी पहुंचे और कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जोरदार चुनाव प्रचार किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनसभाओं को संबोधित करते हुए न केवल कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में वोट मांगे, बल्कि मंडी शहर के विकास को लेकर कई बड़े संकेत भी दिए।
मंडी पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ भव्य स्वागत किया। जनसभाओं में भारी भीड़ उमड़ी, जहां मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा और नगर निगम में कांग्रेस समर्थित पार्षदों को जिताने की अपील की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सुक्खू ने मंडी शहर के विकास को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि नगर निगम के पांच वार्डों के लिए 50-50 लाख रुपये का विशेष विकास बजट उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीतकर आते हैं, तो शहर में विकास कार्यों की रफ्तार तेज की जाएगी और धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “चुनाव जीतने के अगले ही दिन अगर पार्षद अपने वार्डों का बजट बनाकर हमारे पास आते हैं, तो पांचों वार्डों में तुरंत धन का प्रावधान कर दिया जाएगा। मैं खुद काउंसलर रहा हूं और स्थानीय स्तर की परेशानियों को अच्छी तरह समझता हूं।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार विकास की राजनीति में विश्वास रखती है और मंडी नगर निगम क्षेत्र की तस्वीर बदलना सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार गंभीरता से काम करेगी।
मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम चुनावों को प्रदेश की राजनीति का “सेमीफाइनल” करार दिया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के कार्यों से संतुष्ट है और इसका असर चुनाव परिणामों में साफ दिखाई देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता विकास और जनहित की राजनीति पर भरोसा जता रही है और कांग्रेस को मजबूत समर्थन मिलेगा।
सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार ने अब तक जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और आने वाले समय में भी विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मंडी की जनता विकास, पारदर्शिता और बेहतर सुविधाओं के नाम पर कांग्रेस का साथ देगी।






