चंबा के सलूणी में रिश्तों पर खून की छाप: युवक ने अपनी मंगेतर के गले पर किए चाकू से वार
चम्बा। हिमाचल प्रदेश में एक युवक ने अपनी मंगेतर की जान लेने की कोशिश की। चम्बा के सलूणी की यह घटना है। आरोपी ने युवती के गले पर चाकू से हमला किया। घायल युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सलूणी की एक युवती की जम्मू के कठुआ के खरखौता के बणी गांव के युवक से फोन पर बातचीत होती थी। फिर दोनों की बातचीत प्यार में बदली गई और दोनों का रिश्ता हो गया था। यहां तक कि सगाई भी हो चुकी थी। लेकिन फिर अचानक युवक ने युवती पर हमला कर दिया। आरोपी य़ुवक एक सप्ताह से युवती के घर पर रह रहा था।
बुधवार को लड़की के पिता काम से गए थे और मां भी घर पर नहीं थी। इस दौरान दोनों में बहस हो गई और युवती ने युवक से शादी से इंकार कर दिया। इस पर तैश में आए युवक केवल ने चाकू से हमला कर दिया। युवती के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग आए और युवती को बचाया।
फिलहाल, पुलिस ने लड़की और परिजनों के बयान के आधार पर धारा 118 (1) के तहत पुलिस थाना किहार में केस दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।












